‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान: शासकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं ने ली नशामुक्ति की शप
कटनी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक कर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में बुधवार को “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के तहत नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और सामाजिक जागरूकता ही नशामुक्त भारत की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं एवं महाविद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उपस्थित सभी लोगों ने जीवनभर नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी डॉ. शिल्पी कुमारी सिंह, डॉ. रश्मि सिंह, श्रीमती रिचा दुबे, डॉ. प्रतिमा सिंह तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की प्रभारी सुश्री मिथलेश्वरी, डॉ. सोनिया कश्यप एवं श्रीमती आरती वर्मा के सहयोग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि विद्वान, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।