लघु उद्योग भारती के दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर

दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर

कटनी। भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय एवं विश्व बैंक समर्थित RAMP योजना के अंतर्गत लघु उद्योग भारती द्वारा 1 एवं 2 सितंबर को जिला पंचायत कार्यालय के मीटिंग हॉल में दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने, अधिक से अधिक महिला उद्यमी तैयार करने तथा युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यशाला के प्रथम दिवस जिला पंचायत CEO श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान स्व-सहायता समूहों एवं उद्यमियों को ZED सर्टिफिकेशन, ESG एवं RECP, SHG फॉर्मलाइजेशन, उद्यमिता विकास, GI अवेयरनेस, TEAM इनिशिएटिव, ONDC तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

द्वितीय दिवस लघु उद्योग निगम भोपाल के अध्यक्ष श्री सत्येंद्र सिंह राठौर, लघु उद्योग भारती महाकौशल अंचल के अध्यक्ष श्री अनिल वासवानी सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम शुरू हुआ। पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा ने उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों एवं ITI छात्रों को साइबर जागरूकता 2.0 के तहत साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। इसके अलावा नई स्टार्टअप पॉलिसी, वित्तीय जागरूकता, ऋण एवं बैंकिंग सहायता तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।

विशिष्ट अतिथि श्री सत्येंद्र सिंह राठौर ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर स्वरोजगार एवं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

समापन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अशोक विश्वकर्मा ने प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजन प्रत्येक विकासखंड में आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कटनी जिले को स्वरोजगार एवं स्वावलंबन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन अमित सिंघई एवं निलेश विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर महिला इकाई से प्रिया सोनी, श्वेता सिंघई, रश्मि जैन, आकांक्षा केसरी एवं अपर्णा गौर तथा पुरुष इकाई से राजकुमार असरानी, रॉकी राजपलानी, ईशान जैन, राहुल जैन एवं प्रभांशु वैश्य सहित विभिन्न संगठनों के उद्यमी एवं शासकीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version