आशीर्वाद के दीयों से जगमगाया कन्या महाविद्यालय, सेवा का लिया संकल्प

आशीर्वाद के दीयों से जगमगाया कन्या महाविद्यालय, सेवा का लिया संकल्

कटनी, 17 सितंबर। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ दीपोत्सव का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टॉफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हुए सकारात्मकता एवं सद्भावना का संदेश प्रसारित करना रहा। दीप प्रज्ज्वलन के साथ परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और वातावरण में आध्यात्मिकता एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

इस अवसर पर उपस्थितजनों ने जरूरतमंदों की सहायता करने, समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा सेवा भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि सेवा किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। छोटे-छोटे सेवा कार्य भी समाज में बड़े सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे आयोजन आपसी सहयोग, संवेदना और आत्मीयता की भावना को मजबूत करते हैं। महाविद्यालय परिवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर ज्ञान, सेवा, सद्भावना और सकारात्मक सोच का प्रकाश समाज में फैलाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक संकल्प एवं मंगलकामना के साथ आयोजन का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टॉफ का सहयोग रहा।

Exit mobile version