देशी कट्टा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार 315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी पर पहले से छह मामले दर्ज
देशी कट्टा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार
315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी पर पहले से छह मामले दर्
कटनी। आगामी त्यौहारों को देखते हुए कोतवाली पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और आदतन अपराधियों की चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने गायत्री नगर पुलिया के पास से एक युवक को 315 बोर के देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाने में पहले से छह आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
पुलिस के अनुसार 16-17 सितंबर की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गायत्री नगर पुलिया के पास रेलवे पंप हाउस वाली रोड पर एक युवक देशी कट्टा लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अतुल निषाद पिता महेश निषाद (26), निवासी खिरहनी फाटक, कटनी बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से 315 बोर का एक देशी कट्टा तथा पेंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार के संबंध में लाइसेंस अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाने में पूर्व से छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में अप.क्र. 1060/2026 दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में खिरहनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक किशोर कुमार द्विवेदी सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।