गणेश उत्सव की धूम: विसर्जन से पहले पंडालों में उमड़ा आस्था का सैलाब,गणेश चौक के पारंपरिक मेले में शनिवार रात हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, शहरभर के पंडालों में देर रात तक दर्शन का सिलसिला
गणेश उत्सव की धूम: विसर्जन से पहले पंडालों में उमड़ा आस्था का सैलाब,गणेश चौक के पारंपरिक मेले में शनिवार रात हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, शहरभर के पंडालों में देर रात तक दर्शन का सिलसिला
कटनी। गणेश उत्सव के अंतिम दिनों में शहर में आस्था और उत्साह का माहौल चरम पर पहुंच गया है। विसर्जन का दिन जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। शनिवार की रात शहर के प्रमुख गणेश पंडालों और मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक सड़कों और पंडालों में भक्तों की चहल-पहल बनी रही।
गणेश चौक का मेला बना आकर्षण का केंद्र
शहर के ऐतिहासिक गणेश चौक स्थित गणेश मंदिर उत्सव समिति की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया है। शनिवार रात यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने भगवान गणेश के दर्शन किए और मेले में परिवार के साथ खरीदारी व मनोरंजन का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक मेले को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
हर पंडाल में अलग अंदाज में बप्पा की सजावट
शहर के आजाद चौक, चांडक चौक, जलपा मंदिर, खिरहनी फाटक, दुर्गा चौक, एनकेजे और माधवनगर सहित कई इलाकों में गणेश प्रतिमाओं के साथ आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। कहीं विद्युत सजावट तो कहीं आकर्षक थीम के जरिए पंडालों को भव्य रूप दिया गया है। शाम होते ही इन पंडालों की रौनक और बढ़ जाती है।
दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु
शहरभर में स्थापित गणेश प्रतिमाओं के दर्शन के लिए सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कई पंडालों में धार्मिक कार्यक्रम और भजन-कीर्तन भी आयोजित किए जा रहे हैं। गणेश उत्सव के चलते शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
विसर्जन से पहले बढ़ेगी भीड़: गणेश उत्सव के अंतिम दिनों में शहर के प्रमुख पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी समितियों और श्रद्धालुओं में तैयारियां शुरू हो गई हैं।