दो थैलों में भरकर ले जा रहा था 74 लीटर शराब, पुलिस ने दबोचा
दो थैलों में भरकर ले जा रहा था 74 लीटर शराब, पुलिस ने दबोच
विजयराघवगढ़। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में विजयराघवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने परसवारा-खैरहाई रोड पर घेराबंदी कर 74 लीटर देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 38 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान परसवारा-खैरहाई रोड पर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 21 जेडडी 6354 सवार एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। युवक मोटरसाइकिल पर दो थैले लेकर जा रहा था। एक थैला पीछे की सीट पर रस्सी से बंधा था, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल के हुक में फंसा हुआ था। संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर दोनों थैलों से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई।
आरोपी की पहचान कैलाश वर्मन (30), निवासी ग्राम कारितलाई के रूप में हुई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सउनि विक्रम सिंह, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक पप्पू प्रजापति एवं प्रधान आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।