फर्जी सिम जारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार कुठला पुलिस की ऑपरेशन FAST-2.0 के तहत कार्रवाई, POS मशीन, मोबाइल व सिम कार्ड जब्त

फर्जी सिम जारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

कुठला पुलिस की ऑपरेशन FAST-2.0 के तहत कार्रवाई, POS मशीन, मोबाइल व सिम कार्ड जब्

कटनी। ऑपरेशन FAST-2.0 के तहत कुठला पुलिस ने आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट का दुरुपयोग कर लोगों के नाम से फर्जी सिम जारी कर उन्हें अन्य लोगों को बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से POS मशीन, मोबाइल फोन और सिम कार्ड सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम डिठवारा निवासी 21 वर्षीय ओम कोल ने कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपने आधार कार्ड से केवल एक मोबाइल नंबर की सिम प्राप्त की थी। आरोप है कि वर्ष 2024 में सहसपुरा निवासी सागर बर्मन ने एयरटेल पेमेंट बैंक खाता खुलवाने के नाम पर उसके आधार कार्ड की प्रति और फिंगरप्रिंट लिए तथा उसकी जानकारी के बिना उसके नाम से एक अन्य मोबाइल नंबर की सिम जारी करवा ली। बाद में उक्त सिम का कथित रूप से ठगी में दुरुपयोग किया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने सागर बर्मन के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस, धारा 66(सी) आईटी एक्ट तथा दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 42(3)(ई) एवं 42(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों और POS एजेंट सागर बर्मन द्वारा जारी की गई सिम की जानकारी खंगाली। पूछताछ में सागर बर्मन से उसके साथी राहुल कुशवाहा के साथ मिलकर लोगों की जानकारी के बिना उनके नाम से सिम जारी कर अन्य व्यक्तियों को बेचने संबंधी जानकारी मिलने की बात पुलिस ने कही है। आरोपी के कथित मेमोरेंडम के आधार पर उसके घर से POS मशीन जब्त की गई।

पुलिस ने सागर बर्मन पिता विकास बर्मन (22), निवासी सहजपुरा, थाना कुठला तथा राहुल कुशवाहा पिता रामशरण कुशवाहा (27), निवासी भैंसवाही, थाना विजयराघवगढ़ को गिरफ्तार किया। मामले में डिंडोरी जिले के मेहंदवानी थाना क्षेत्र निवासी रामजी साहू पिता दशरथ लाल साहू (33) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसकी संलिप्तता सामने आई तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, POS मशीन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया और पुलिस टीम द्वारा की गई।

सराहनीय भूमिका: सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, केशव मिश्रा, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, राहुल मिश्रा, सुनील पाण्डेय तथा आरक्षक अजय यादव, विवेक शुक्ला, बुद्धू कुमार एवं मनोज राजपूत की भूमिका सराहनीय रही।

Exit mobile version