Wednesday, May 20, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

Katni: नई स्टाइल में शराब तस्करी का भंडाफोड़, जानिए गुटके की थैली से शराब का रिश्ता

कटनी। एनकेजे पुलिस ने देररात जुहला बायपास मार्ग पर एकदम नई स्टाइल में शराब तस्करी का पर्दाफाश किया है।

गुटखा पाउच के थैलों में उमरिया से कटनी लाई जा रही 350 पाव देशी शराब बरामद

देररात जुहला बायपास मार्ग पर एनकेजे पुलिस को मिली सफलता

शराब की तस्करी करते हुए उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है तथा गुटखा पाउच के थैलों में भरकर उमरिया से कटनी लाई गई 42 हजार 500 रूपए कीमती 350 पाव देशी शराब बरामद की है। आरोपियों के विरूद्ध आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

इस संबंध में एनकेजे थाना प्रभारी नीरज दुबे ने बताया कि उपनगरीय क्षेत्र बंगला लाइन निवासी 25 वर्षीय शुभम पिता शंकर लाल बाघवानी व खैबर लाइन निवासी 18 वर्षीय लकी चांदवानी पिछले लंबे समय से एकदम नई स्टाइल में उमरिया से कटनी शराब की तस्करी कर रहे हैं। बताया जाता है कि दोनों युवक एक गिरोह बनाकर उमरिया से कटनी तक शराब की तस्करी करते हैं।

जिसमें कुछ नाबालिगों को भी शामिल किया गया है। दोनों युवक पहले नाबालिगों का सहारा लेकर उमरिया जिले की अलग-अलग शराब दुकानों से कुछ-कुछ मात्रा में शराब खरीदवाते थे। इसके बाद खरीदी गई शराब को गुटखा पाऊच के अलग-अलग बड़े थैलों में भरकर पहले उमरिया से बड़वारा तक आते थे। इसके बाद बड़वारा से जुहला बायपास मार्ग तक किसी लोडर या पिकअप वाहन से आते थे।

यहां आकर दोनों युवक अपने साथियों को बुलाते थे और फिर शराब को शहर लाकर बेचते थे। कलरात भी दोनों युवक गुटखा पाउच के थैलों में शराब लेकर जुहला बायपास मार्ग पहुंचे और फिर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों युवकों के पास से गुटखा पाऊच के थैलों में भरकर रखी गई 42 हजार 500 रूपए कीमती 350 पाव देशी शराब बरामद की गई है। जिसमें 200 पाव लाल मसाला व 150 पाव सफेद शराब शामिल है। दोनों युवकों के विरूद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) व 34 के तहत कार्रवाई की गई है।

इस तरह पुलिस की गिरफ्त में आए तस्कर

एक जानकारी में बताया जाता है कि गतदिवस जुहला में हुई चाकूबाजी की घटना के आरोपियों को गिरफ्त में लेने एनकेजे थाना प्रभारी नीरज दुबे अपने स्टाफ के साथ सादी वर्दी में जुहला बायपास मार्ग पर तैनात थे। पुलिसकर्मी अलग-अलग जगह खड़े थे।

इसीदौरान शुभम व लकी जुहला बायपास मार्ग पर एक पिकअप वाहन से गुटखा पाउच के थैले लेकर उतरे। इतनी रात में गुटखा पाउच के थैले देखकर पुलिस को संदेह हुआ तो पुलिस ने दोनों को पकड़कर थैलों की तलाशी ली। जिसमें गुटखा पाउच के थैलों में शराब भरी मिली।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम