मुख्य लिपिक राकेश दुबे को पदोन्नति पर भावभीनी विदाई
मुख्य लिपिक राकेश दुबे को पदोन्नति पर भावभीनी विदा
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में शनिवार, 19 सितंबर को महाविद्यालय के मुख्य लिपिक श्री राकेश दुबे को शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, जबलपुर में रजिस्ट्रार के पद पर पदोन्नति होने पर भावभीनी विदाई दी गई। समारोह महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ ने उपस्थित होकर श्री दुबे को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने श्री दुबे के कार्यकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ किया। उनकी सहयोगी भावना, कार्यकुशलता एवं प्रशासनिक दक्षता ने महाविद्यालय के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने श्री दुबे के उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन दायित्व में सफलता की कामना की।
समारोह में महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री दुबे के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके सरल, सहज एवं सहयोगात्मक व्यक्तित्व की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनका मिलनसार व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर श्री राकेश दुबे ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में बिताया गया कार्यकाल उनके लिए सदैव विशेष और यादगार रहेगा। उन्होंने सहकर्मियों से मिले सहयोग, स्नेह एवं आत्मीयता के लिए सभी का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने श्री राकेश दुबे को पदोन्नति एवं नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।