समाजसेवी बाबू रंजन ग्रोवर के पिता श्री नीलकंठेश्वर धाम के संचालक मदनलाल ग्रोवर का दुःखद निधन

समाजसेवी बाबू रंजन ग्रोवर के पिता श्री नीलकंठेश्वर धाम के संचालक मदनलाल ग्रोवर का दुःखद निध

कटनी(YASHBHARAT.COM)। सिविल लाइन क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक एवं उद्योगपति रंजन बाबू ग्रोवर के पिता एवं सलैया पड़खुरी स्थित नीलकंठेश्वर धाम के संचालक मदन लाल ग्रोवर का आज दुःखद निधन हो गया। 74 वर्षीय उद्योगपति मदन लाल ग्रोवर पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे तथा नागपुर के मैक्स हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा था। बताया जाता है कि आज दोपहर उपचार के दौरान ही देवलोक गमन कर गए। श्री ग्रोवर की पार्थिव देह आज रात तक नागपुर से कटनी पहुंच जाएगी तथा कल 20 सितंबर रविवार की सुबह 11 बजे के लगभग सिविल लाइन स्थित निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और नदी पार स्थित मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।उद्योगपति मदन लाल ग्रोवर के निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

मदनलाल ग्रोवर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। नीलकंठेश्वर धाम के प्रति उनका समर्पण और धार्मिक गतिविधियों में योगदान सदैव स्मरण किया जाएगा। उनके सरल, सहज व्यक्तित्व तथा समाजसेवा के प्रति समर्पण के चलते वे क्षेत्रवासियों के बीच विशेष सम्मान रखते थे।

उनके निधन पर शहर के नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने कहा कि मदनलाल ग्रोवर का स्नेह, मार्गदर्शन और धार्मिक-सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी निष्ठा हमेशा स्मरणीय रहेगी।

शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों ने भगवान भोलेनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

 

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने भी जताया शोक

 

पूर्वमंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने भी उद्योगपति मदन लाल ग्रोवर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्री पाठक ने कहा कि श्री ग्रोवर पिता तुल्य थे और उनके अचानक छोड़ कर जाने से उन्हें व्यक्तिगत क्षति हुई है। जिसकी भरपाई कर पाना असंभव है।

Exit mobile version