घर-घर दस्तक और शिविरों के जरिए जलकर राहत योजना के लाभ दिलाने के प्रयास जारी,अब 10 अक्टूबर तक 50 प्रतिशत राहत का अवसर, बकायादार उपभोक्ताओं से समय रहते लाभ लेने की अपील
घर-घर दस्तक और शिविरों के जरिए जलकर राहत योजना के लाभ दिलाने के प्रयास जारी,अब 10 अक्टूबर तक 50 प्रतिशत राहत का अवसर, बकायादार उपभोक्ताओं से समय रहते लाभ लेने की अपील
कटनी। बकाया जलकर राशि पर 50 प्रतिशत राहत प्रदान करने वाली जलकर राहत योजना का अधिक से अधिक नागरिकों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अक्टूबर 2026 किए जाने के बाद निगम अमले द्वारा शिविर आयोजित करने के साथ ही घर-घर दस्तक देकर बकायादार जलकर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दी जा रही है तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान कर राहत का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
निगम प्रशासन द्वारा ऐसे उपभोक्ताओं से संपर्क किया जा रहा है, जिनका जलकर लंबे समय से बकाया है। संपर्क के दौरान उपभोक्ताओं को योजना में मिलने वाली 50 प्रतिशत राहत, एकमुश्त भुगतान की प्रक्रिया तथा अंतिम तिथि की जानकारी दी जा रही है। वहीं, शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके जलकर बकाया की जानकारी उपलब्ध कराते हुए मौके पर ही भुगतान की सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
निगम प्रशासन का उद्देश्य योजना के माध्यम से अधिकाधिक बकायादार उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाने के साथ जलकर बकाया का निराकरण कराना है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि 10 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध इस विशेष अवसर का लाभ लेते हुए अपने बकाया जलकर का एकमुश्त भुगतान करें और 50 प्रतिशत राहत प्राप्त करें। अंतिम तिथि के पश्चात योजना का लाभ उपलब्ध नहीं होगा।