बच्चों ने बताईं चांडक चौक के जाम की समस्याएं, यातायात सुधार के दिए सुझाव
सावित्री विद्या पीठ स्कूल में सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजि
कटनी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को सावित्री विद्या पीठ स्कूल में सड़क सुरक्षा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात नियमों के साथ साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं बाल अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल, नशे में ड्राइविंग, रॉन्ग साइड से वाहन चलाना और यातायात संकेतों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की।
चांडक चौक के जाम पर बच्चों ने रखे विचार
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण चांडक चौक पर लगने वाले जाम को लेकर विद्यार्थियों के साथ किया गया संवाद रहा। बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए जाम के प्रमुख कारणों में अव्यवस्थित पार्किंग, रॉन्ग साइड से वाहनों का आवागमन, यातायात नियमों का उल्लंघन, पर्याप्त डिवाइडर व्यवस्था का अभाव, यातायात सिग्नल की कमी तथा जुलूस और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान उचित यातायात प्रबंधन नहीं होने जैसे मुद्दे उठाए। विद्यार्थियों ने प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की सक्रिय निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई।
यातायात थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों के सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए व्यवस्थित पार्किंग, यातायात नियमों का प्रभावी पालन, रॉन्ग साइड पर नियंत्रण और प्रमुख चौराहों की नियमित निगरानी जरूरी है।
साइबर अपराधों से बचाव की भी दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों और महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन 112, एंबुलेंस सेवा 108, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों से आग्रह किया गया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा मित्रों को भी सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें।
विद्यालय में यातायात जागरूकता आधारित परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, एएसआई संदीप वाल्मीकि, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक दीपक सिंह एवं ट्रैफिक वार्डन मनोज कुमार उपस्थित रहे। कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन पुलिस कार्रवाई के डर से नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए करें।














