लोकतंत्र में भागीदारी के लिए युवाओं को किया जागरूक, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील,1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी कर सकेंगे पंजीयन, 11 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभिया
कटनी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण एवं नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जिला कलेक्टर आशीष तिवारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेयी, डॉ. रुक्मिणी प्रताप सिंह एवं डॉ. माधुरी गर्ग के मार्गदर्शन में यह जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि ऐसे युवा, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन करना होगा। पात्र युवा ऑनलाइन माध्यम से भी अपना पंजीयन करा सकते हैं।
निर्वाचन विभाग द्वारा 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में 18 एवं 19 वर्ष की आयु के ऐसे युवा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास फॉर्म-6 जमा कर अपना पंजीयन करा सकेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथियों में मतदान केंद्रों पर पहुंचें अथवा ऑनलाइन आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। साथ ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।












