चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने सूर्य को दिया अर्घ्य, छठ घाटों पर दिखा आस्था और श्रद्धा का अनुपम संगम,छठ पर्व को लेकर निगम प्रशासन ने किए थे विशेष इंतजाम, साफ-सफाई, प्रकाश, रंग-रोगन, साज-सज्जा एवं सुरक्षा की व्यवस्थाएं रहीं दुरुस्
कटनी। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर नगर के विभिन्न चिन्हित घाटों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनुपम दृश्य देखने को मिला। व्रतधारी श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रविवार शाम अस्ताचलगामी एवं सोमवार प्रातः उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा विभिन्न घाटों एवं उनके पहुंच मार्गों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
निगम प्रशासन द्वारा पर्व के मद्देनजर नगर के विभिन्न चिन्हित छठ घाटों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाकर घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए घाटों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन एवं आकर्षक साज-सज्जा कराई गई। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुरूप पानी के टैंकरों की व्यवस्था सहित सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजन-अर्चन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पर्व के दौरान निगम का अमला विभिन्न घाटों एवं संबंधित स्थलों पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए सक्रिय रहा। साफ-सफाई से लेकर प्रकाश एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया गया। वही निगम की हांका टीम द्वारा घाटों में मौजूद रहकर मवेशियों के नियंत्रण की कार्यवाही की गई।
निगम प्रशासन की समन्वित तैयारियों से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण में छठ पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हो सका। आस्था के इस महापर्व पर नगर निगम प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना रही।












