MP Lift Act: मध्य प्रदेश में अब बिना रजिस्ट्रेशन और बीमा के नहीं चलेंगी लिफ्ट, हादसा छिपाने पर 2 साल की जेल

MP Lift Act: मध्य प्रदेश में अब बिना रजिस्ट्रेशन और बीमा के नहीं चलेंगी लिफ्ट, हादसा छिपाने पर 2 साल की जेल
  • MP Lift Act: मध्य प्रदेश में अब बिना रजिस्ट्रेशन और बीमा के नहीं चलेंगी लिफ्ट, हादसा छिपाने पर 2 साल की जेल
  • मध्य प्रदेश में लिफ्ट संचालन के लिए रजिस्ट्रेशन और थर्ड-पार्टी बीमा होगा अनिवार्य, हादसा छिपाने पर 2 साल की जेल

भोपाल: मध्य प्रदेश में लगातार हो रहे लिफ्ट हादसों पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार सख्त कानून लाने जा रही है। प्रस्तावित ‘मध्य प्रदेश लिफ्ट एवं एस्केलेटर एक्ट’ के प्रारूप के तहत अब प्रदेश की हर आवासीय सोसाइटी, मॉल और बहुमंजिला इमारत के मालिक को लिफ्ट संचालन के लिए उसका पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) और थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस कराना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, किसी अधिकारी को जांच से रोकने या लिफ्ट दुर्घटना की जानकारी छिपाने पर दो साल तक की कैद और जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है।

महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर तैयार किए गए इस नए कानून के प्रारूप को जल्द ही विधानसभा में पेश करने की तैयारी है। नए नियमों के अनुसार

  • प्रत्येक लिफ्ट का समय-समय पर अधिकृत तकनीकी विंग या लिफ्ट इंस्पेक्टर से सुरक्षा ऑडिट कराना होगा, जिसके बाद ही फिटनेस सर्टिफिकेट रिन्यू होगा। बिना वैध फिटनेस सर्टिफिकेट के लिफ्ट चलाना अवैध माना जाएगा।

  • लिफ्ट और एस्केलेटर के रखरखाव (मेंटेनेंस) की पूरी ट्रैकिंग एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

नए कानून के तहत राज्य में केवल उन्हीं लिफ्टों को लगाने की अनुमति होगी जो ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) के नवीनतम और वैश्विक सुरक्षा मानकों पर खरी उतरेंगी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिफ्ट में निम्नलिखित सुविधाएं अनिवार्य होंगी

बिजली गुल होने या तकनीकी खराबी आने पर लिफ्ट बीच हवा में न अटके, इसके लिए यह डिवाइस जरूरी होगा। लिफ्ट के भीतर सीसीटीवी कैमरा, पर्याप्त रोशनी, आपातकालीन घंटी (इमरजेंसी अलार्म) और बाहरी संपर्क के लिए इंटरनेट या इंटरकॉम आधारित कम्युनिकेशन लाइन होना अनिवार्य रहेगा।

इसे भी पढ़ें-  नेशनल हाईवे-30 पर भीषण हादसा: टैंकर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार वरना कार, 100 मीटर तक घिसटने के बाद आग का गोला बनी; तीन युवक घायल

इस साल प्रदेश में हो चुके हैं 7 बड़े लिफ्ट हादसे गौरतलब है कि वर्ष 2026 में अब तक मध्य प्रदेश में लिफ्ट दुर्घटनाओं के सात गंभीर मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें तीन लोगों की जान जा चुकी है:

  • 22 सितंबर (इंदौर): नवलखा कॉम्प्लेक्स में पुरानी लिफ्ट की केबल टूटने से सात लोग घायल हुए।

  • 30 अगस्त (रीवा): एक निजी अस्पताल की लिफ्ट में फंसने से मरीज की गर्दन दब गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

  • 3 जुलाई (जबलपुर): रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक नमकीन फैक्ट्री में सफाई के दौरान लिफ्ट गिरने से महिला कर्मचारी की मृत्यु हो गई।

  • 29 अप्रैल (भोपाल): एमपी नगर जोन-2 स्थित सागर प्लाजा में लिफ्ट हादसे के दौरान सात लोग घायल हुए।

  • 6 अप्रैल (इंदौर): चंदन नगर के एक कारखाने में आयोजित शादी समारोह के दौरान हुए लिफ्ट हादसे में 12 लोग घायल हो गए।

  • 28 फरवरी (भोपाल): मिसरोद क्षेत्र की चिनार ड्रीम सिटी आवासीय सोसाइटी में लिफ्ट गिरने से दो रहवासी गंभीर रूप से घायल हुए।

  • 6 जनवरी (भोपाल): चिनार ड्रीम सिटी सोसाइटी में ही लिफ्ट के नीचे दबने से 77 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी