‘सत्ता चाहिए तो विदेश यात्रा छोड़ गांवों में जाएं राहुल गांधी’, भारत समिट को लेकर अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला

amit shah 1

‘सत्ता चाहिए तो विदेश यात्रा छोड़ गांवों में जाएं राहुल गांधी’, भारत समिट को लेकर अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला

पुणे: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की ‘भारत समिट 2026’ में दिए गए बयानों को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। पुणे में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने राहुल गांधी पर अंतरराष्ट्रीय मंच से भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया और नसीहत दी कि यदि उन्हें सत्ता चाहिए, तो विदेश यात्राएं बंद कर भारत के गांवों में जाना शुरू करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी आगाह किया कि इस राह पर चलने से अगले 30 साल तक उनका नंबर नहीं लगेगा।

अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लगातार तीन बार चुनाव हारने की हताशा (फ्रस्ट्रेशन) अलग-अलग तरीकों से निकाल रही है। उन्होंने कहा, “हाल ही में कांग्रेस पार्टी ने हैदराबाद में ‘भारत समिट 2026’ का आयोजन किया और दुनिया भर से वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को भारत बुलाया। कांग्रेस के राजकुमार (राहुल गांधी) भी वहां गए। समिट का नाम तो ‘भारत समिट’ रखा गया, लेकिन राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत विरोधी विचार रखकर पूरी दुनिया में देश को बदनाम करने का काम किया।”

 केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए गृह मंत्री ने यूपीए शासनकाल की तुलना की। उन्होंने कहा, “जनता ने कांग्रेस को 10 साल का मौका दिया था, जिसमें उन्होंने 12 लाख करोड़ रुपये के घपले और घोटाले किए। इसके बाद जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। पिछले 12 वर्षों में पीएम मोदी पर चार आने के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा है।”

इसे भी पढ़ें-  टाटा ग्रुप में अंदरूनी कलह आई सामने: पूर्व ट्रस्टी डेरियस खंबाटा के आरोपों पर वाइस चेयरमैन विजय सिंह और वेणु श्रीनिवासन का तीखा पलटवार; पूछा- 'चिंता मॉडल की है या कंट्रोल बनाए रखने की?'

शाह ने आगे कहा कि मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में भारत ने कृषि, औद्योगिक विकास, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने, स्टार्टअप इकोसिस्टम, रेलवे के पुनरुद्धार, एयरपोर्ट की संख्या 76 से बढ़ाकर 150 करने, सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बिछाने, नई शिक्षा नीति लागू करने और सहकारिता मंत्रालय के गठन जैसे हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है।

राहुल गांधी को जमीन पर उतरने की सलाह देते हुए शाह ने कहा, “पक्ष हो या विपक्ष, कोई भी राजनीतिक दल अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत, देश के लोकतंत्र और प्रधानमंत्री को बदनाम नहीं कर सकता। पूरा देश चाहता है कि राहुल गांधी जमीन पर आएं और गांव-गांव जाएं, लेकिन मुझे पता है कि वे कुछ ही दिनों में फिर विदेश चले जाएंगे।”

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी तो उनकी बात नहीं सुनेंगे, लेकिन कार्यकर्ता समझ लें कि यदि वे इसी दिशा में उनके पीछे चलते रहे तो अगले 30 साल तक सत्ता में उनका नंबर नहीं आने वाला है। अंत में शाह ने जनता से अपील की कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की विकास गाथा को बदनाम करने के इस प्रयास का जवाब आने वाले चुनावों में दें।