चमत्कार: ओडिशा में भूस्खलन के बाद 14 दिनों तक गड्ढे में फंसा रहा शिक्षक, कीचड़ और झरने का पानी पीकर बचाई जान
कंधमाल (ओडिशा): ओडिशा के कंधमाल जिले से इंसान की जिजीविषा और चमत्कार की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां भूस्खलन के दौरान लापता हुआ एक सरकारी स्कूल शिक्षक 14 दिनों तक पहाड़ी के पास एक गहरे गड्ढे में फंसा रहा। बिना भोजन और साफ पानी के इस कठिन दौर में शिक्षक ने गड्ढे में जमा कीचड़ और झरने का पानी पीकर किसी तरह अपनी जान बचाई। शनिवार को एक चरवाहे की नजर पड़ने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू किए गए शिक्षक की पहचान मोहन महाराणा के रूप में हुई है, जो रायिकिया ब्लॉक की इंद्रगढ़ पंचायत स्थित एक स्कूल में पदस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर की रात इलाके में हुई मूसलाधार बारिश के कारण भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसकने से डांगासी गांव बुरी तरह प्रभावित हुआ और अपनी जान बचाने के लिए ग्रामीण पास के डुबा गांव की ओर भागने लगे। इसी दौरान मोहन महाराणा डांगासी गांव की तरफ जा रहे थे। घने अंधेरे और अचानक हुए भूस्खलन के बीच उनका पैर फिसल गया और वे पहाड़ी के पास एक गहरे गड्ढे में जा गिरे। घने जंगल और खराब मौसम के कारण उनकी मदद की पुकार किसी तक नहीं पहुंच सकी।
मौसम साफ होने पर परिजनों और रायिकिया पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर व्यापक तलाश अभियान चलाया, लेकिन दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
आखिरकार शनिवार को जब एक चरवाहा अपने मवेशियों को चराते हुए उस इलाके से गुजरा, तो उसे गड्ढे की ओर से किसी के कराहने की धीमी आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर मोहन महाराणा घायल और बेहद कमजोर हालत में फंसे मिले। चरवाहे की सूचना पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों ने लकड़ियों और कपड़े से एक अस्थायी स्ट्रेचर तैयार किया और शिक्षक को कंधों पर उठाकर करीब 18 किलोमीटर तक पैदल चलकर रायिकिया अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर मोहन महाराणा ने उस भयावह रात का मंजर साझा किया। उन्होंने कहा, “मैं शाम को खाना बना रहा था, तभी मुझे लगा कि बाहर से कोई आवाज दे रहा है। जैसे ही मैं बाहर निकला, चारों तरफ बाढ़ जैसा पानी और घना अंधेरा था। मुझे कुछ समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है। अगली सुबह जब आंख खुली तो मैंने खुद को पत्थरों के ढेर और नदी के एक सूखे हिस्से के पास गड्ढे में पाया।”













