सोनिया विहार घाट पर मनोज तिवारी ने पत्नी संग दिया उषा अर्घ्य, सुरभि तिवारी ने छठ गीत गाकर बांधा समां
नई दिल्ली: चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने अपनी पत्नी सुरभि तिवारी के साथ दिल्ली के सोनिया विहार घाट पर उगते हुए भगवान सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित किया। इस मौके का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं। अर्घ्य देने के बाद सुरभि तिवारी ने पारंपरिक छठ गीत गाकर घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और सभी को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
जल संरक्षण और भव्य आयोजन का संदेशपूजा संपन्न होने के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “हम लोगों की पूजा बहुत अच्छे से संपन्न हुई है। छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे। दिल्ली में यमुना किनारे करीब 15 किलोमीटर के दायरे में जिस भव्यता के साथ छठ मनाया जा रहा है, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।”
उन्होंने जल संरक्षण का संदेश देते हुए अपील की कि सभी लोग नदियों, नहरों और तालाबों को स्वच्छ रखें और जल बचाएं, जिससे किसानों की समृद्धि हो। साथ ही उन्होंने दिल्ली की गली-गली और हर घाट पर शांतिपूर्ण व सकुशल छठ पूजा संपन्न होने पर खुशी जताई। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी व्रतियों को शक्ति मिले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शक्ति मिले ताकि वे देश को इसी तरह आगे बढ़ाते रहें।
सास की बढ़ती उम्र देख बहू ने संभाली छठ व्रत की विरासतगौरतलब है कि सुरभि तिवारी लगातार तीसरे साल छठ का कठिन व्रत रख रही हैं। इससे पहले खरना के दिन प्रसाद बनाते समय मनोज तिवारी ने अपने परिवार की इस परंपरा से जुड़ा एक भावुक किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि सांसद बनने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारियों के चलते वे लगातार तीन साल तक छठ पर अपने गांव नहीं जा सके थे।
मनोज तिवारी ने कहा, “मेरी माताजी गांव में छठ करती थीं और अब वे 94 वर्ष की हो चुकी हैं। दिल्ली में घर के भीतर छठ के तीन दिनों का सूनापन मुझे बहुत खलता था। मैंने कभी सुरभि पर कोई दबाव नहीं बनाया, लेकिन मां की बढ़ती उम्र और घर की परंपरा को देखते हुए उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर छठ व्रत करने का निर्णय लिया। तब से वे पूरी निष्ठा के साथ इस कठिन व्रत को निभाती आ रही हैं।











