16 दिसंबर से लगेगा खरमास, थमेगी शहनाइयों की गूंज

IMG 20261115 WA7740

नवंबर में 4 और दिसंबर में 9 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त, देवउठनी एकादशी के बाद शुरू होगा मांगलिक आयोजनों का सिलसिला

कटनी(YASHBHARAT.COM)। हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह सहित अन्य मांगलिक आयोजनों की शुरुआत हो जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही चातुर्मास का समापन हो जाता है। इसके बाद विवाह समारोहों सहित शुभ कार्यों की रौनक बढ़ने लगती है। वर्ष 2026 के नवंबर और दिसंबर माह में विवाह के लिए कुल 13 शुभ मुहूर्त उपलब्ध रहेंगे। पंडितसतीश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि नवंबर माह में विवाह के लिए चार शुभ मुहूर्त निर्धारित हैं। इनमें 21, 24, 25 और 26 नवंबर की तिथियां शामिल हैं। वहीं दिसंबर माह में 2, 3, 4, 5, 6, 9, 10, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। ऐसे में देवउठनी एकादशी के बाद नवंबर से लेकर दिसंबर के मध्य तक विवाह समारोहों की धूम देखने को मिलेगी।

16 दिसंबर से मांगलिक कार्यों पर लगेगा विराम

ज्योतिषीय गणना के अनुसार 16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास प्रारंभ हो जाएगा। हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरमास के दौरान विवाह सहित कई मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। इसी के चलते 12 दिसंबर के बाद विवाह समारोहों की रौनक पर विराम लग जाएगा। नवंबर और दिसंबर के शुरुआती दिनों में विवाह आयोजनों को लेकर बाजारों, मैरिज गार्डन और अन्य आयोजन स्थलों पर तैयारियां तेज होने की संभावना है।

विवाह मुहूर्त में पंचांग का विशेष महत्व

इसे भी पढ़ें-  भोपाल मेट्रो यात्रियों को बड़ा तोहफा: आज से शुरू हुई NCMC स्मार्ट कार्ड सुविधा, हर सफर पर मिलेगी 25% की छूट

हिंदू परंपरा में विवाह की तिथि निर्धारित करते समय पंचांग के पांच अंगों तिथि, वार, नक्षत्र, योग और करण का विशेष महत्व माना जाता है। इसके साथ ही गुरु और शुक्र ग्रह की स्थिति का भी विशेष रूप से विचार किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि अनुकूल ग्रह-नक्षत्रों और शुभ मुहूर्त में विवाह संपन्न होने से दांपत्य जीवन में सुख, शांति और सामंजस्य बना रहता है।