बिहार को मिली 34,470 करोड़ की महा-सौगात: पीएम मोदी ने गमछा लहराकर किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, रामविलास पासवान को भी किया याद

बिहार को मिली 34,470 करोड़ की महा-सौगात: पीएम मोदी ने गमछा लहराकर किया 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन, रामविलास पासवान को भी किया याद

बिहार को मिली 34,470 करोड़ की महा-सौगात: पीएम मोदी ने गमछा लहराकर किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, रामविलास पासवान को भी किया याद

वैशाली/पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में आयोजित एक भव्य समारोह में 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम मोदी ने गंगा नदी पर बने छह-लेन के आधुनिक केबल ब्रिज ‘नीतीश सेतु’ को जनता को समर्पित किया और पुल पर गमछा लहराकर वहां मौजूद विशाल जनसमुदाय का अभिवादन किया।

बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य के सड़क नेटवर्क और शहरी परिवहन को मजबूती देने वाली कई बड़ी सौगातें दीं:

  • नीतीश सेतु (दरगाह-बिदुपुर 6-लेन केबल ब्रिज): पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण के सम्मान में नामित यह आधुनिक पुल पटना और वैशाली के बीच की दूरी और यातायात की मुश्किलों को हमेशा के लिए कम कर देगा। इससे किसानों को फसल, फल-सब्जियां और दूध-दही बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी, साथ ही युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी।

  • औरंगाबाद-चोरदाहा 6-लेन हाईवे: पीएम मोदी ने इस महत्वपूर्ण छह-लेन हाईवे का भी लोकार्पण किया।

  • 100 पीएम-ई बसें और पक्के घर: शहरी यातायात को सुगम बनाने के लिए 100 आधुनिक ‘PM-eBuses’ को हरी झंडी दिखाई गई और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबियां सौंपी गईं।

ऊर्जा और शहरी विकास की बदलती तस्वीर

प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क नेटवर्क के साथ-साथ बिहार में ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। उन्होंने याद दिलाया कि एक समय था जब बिहार के हजारों गांवों तक बिजली नहीं पहुंची थी, लेकिन आज यही बिहार बिजली उत्पादन का एक बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। इस दिशा में बक्सर थर्मल पावर प्लांट के निर्माण और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसे बड़े कार्य किए गए हैं।

इसे भी पढ़ें-  कड़वी हुई चीनी की मिठास: देश के कई बड़े शहरों में भाव 70 रुपये किलो के करीब, साल भर में 30 फीसदी उछलीं कीमतें

नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना और रामविलास पासवान को किया याद

बिहार में एनडीए सरकार के वर्तमान कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुनने का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा:

सुशासन और विकास का भरोसा

  •  पीएम ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद की नई राह चुनी थी और दशकों की बदहाली के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य को सुशासन का नया भरोसा मिला। अब नीतीश जी के आशीर्वाद से सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम इस विकास अभियान को आगे बढ़ा रही है।

रामविलास पासवान का भावुक जिक्र

  •  अपने दिवंगत सहयोगी को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे मित्र रामविलास पासवान की आत्मा जहां भी होगी, वह भी हम पर फूलों की वर्षा कर रही होगी, क्योंकि उनके सपनों को भी हम साकार कर रहे हैं।”

घोटालों से निवेश तक का सफर

  •  पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए शासन से पहले केवल घोटालों और अपराध के आंकड़ों की चर्चा होती थी, जबकि आज बिहार में निवेश और अपराधियों पर हो रही कार्रवाई की चर्चा होती है।

संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने हाल ही में संपन्न हुए महापर्व छठ का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी माताओं-बहनों के कठिन निर्जला व्रत और छठी मैया के आशीर्वाद से आज पूरा बिहार ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र के साथ विकास का पर्व मना रहा है।