पन्नू हत्या की साजिश में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका में करीब 20 साल की जेल, कोर्ट में भावुक होकर मांगी माफी
न्यूयॉर्क: अमेरिकी धरती पर खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता (55) को 235 महीने (लगभग 20 साल) कैद की सजा सुनाई है। सदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क के जज विक्टर मारेरो ने लगभग 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में हत्या की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था।
सजा पूरी होने के बाद किया जाएगा डिपोर्ट
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि निखिल गुप्ता को जेल की सजा पूरी करने के बाद किसी भी प्रकार की ‘सुपरवाइज्ड रिलीज’ (निगरानी में रिहाई) नहीं दी जाएगी। इसके बजाय, सजा की अवधि समाप्त होते ही उन्हें अमेरिका से बाहर निकालने (डिपोर्टेशन) की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
गांधी और मंडेला का जिक्र कर कोर्ट में भावुक हुए निखिल गुप्ता
सुनवाई के दौरान जेल की भूरे रंग की पोशाक पहने निखिल गुप्ता को मार्शल अदालत कक्ष में लेकर आए। अपने वकीलों के बीच बैठे गुप्ता ने अंग्रेजी में दिए गए 6 मिनट के संक्षिप्त बयान के दौरान बेहद भावुक होकर अपने किए के लिए माफी मांगी:
पन्नू और समुदाय से मांगी माफी: कोर्टरूम में मौजूद पन्नू और सिख समुदाय के लोगों की ओर देखते हुए निखिल गुप्ता ने कहा, “मैं पन्नू, पूरे समुदाय और बिरादरी से माफी मांगता हूं।”
महापुरुषों के आदर्शों का हवाला: उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वे इन नेताओं के आदर्शों पर चलने की उम्मीद रखते थे।
परिवार की पीड़ा का जिक्र: भर्राई हुई आवाज में गुप्ता ने कहा कि इस मामले के कारण उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भारी तकलीफ उठानी पड़ी है और उन्हें उस काम की सजा मिल रही है, जो उन्होंने किया ही नहीं था। उन्होंने कहा कि वे अदालत की हर सजा स्वीकार करते हैं और रिहा होने के बाद एक “बेहतर इंसान” बनकर बाहर आएंगे।
जज ने पन्नू को बयान संक्षिप्त रखने को कहा
सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अदालत में लगभग 20 मिनट तक अपना पक्ष रखा। पन्नू ने दावा किया कि जान को खतरा होने की जानकारी मिलने के बाद से वे पिछले 1,200 से अधिक दिनों से अपनी नियमित कानूनी प्रैक्टिस नहीं कर पा रहे हैं। पन्नू का बयान लंबा खिंचता देख एक मौके पर जज विक्टर मारेरो ने उन्हें टोकते हुए अपनी बात को “संक्षेप में” रखने और जल्द खत्म करने को कहा, ताकि अदालत आगे की कार्यवाही पूरी कर सके।













