katniमध्यप्रदेश

जलकर राहत योजना का लाभ लेने आगे आ रहे उपभोक्ता,50 प्रतिशत छूट का सीमित अवसर, निगम के प्रयासों को मिल रहा अच्छा प्रतिसाद

 

जलकर राहत योजना का लाभ लेने आगे आ रहे उपभोक्ता,50 प्रतिशत छूट का सीमित अवसर, निगम के प्रयासों को मिल रहा अच्छा प्रतिसा

कटनी। वर्षों से लंबित जलकर बकाया से उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा परिषद के निर्णय के अनुसार लागू की गई जलकर राहत योजना का नागरिकों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को कुल बकाया जलकर की राशि में 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ दिया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता स्वेच्छा से आगे आकर बकाया राशि का भुगतान कर रहे हैं और वर्षों से लंबित देनदारी से राहत प्राप्त कर रहे हैं।

घर-घर पहुंचकर दी जा रही जानकारी

योजना को अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए नगर निगम के जलकर वसूली दलों द्वारा डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। मैदानी अमले द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं से प्रत्यक्ष संपर्क कर उन्हें योजना की पात्रता, 50 प्रतिशत छूट तथा निर्धारित समय-सीमा की जानकारी दी जा रही है। साथ ही समय रहते बकाया राशि जमा कर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

शिविरों और प्रचार-प्रसार से जागरूकता

नगर निगम द्वारा विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। शिविरों, सूचना माध्यमों तथा मैदानी अमले के माध्यम से नागरिकों को बताया जा रहा है कि योजना का लाभ लेने का अवसर सीमित अवधि के लिए है। निगम प्रशासन का प्रयास है कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र उपभोक्ता इस राहत योजना के लाभ से वंचित न रहे।

अवकाश के दिनों में भी भुगतान की सुविधा

उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कार्यालय के कैश काउंटर तथा निर्धारित शिविर स्थलों पर अवकाश के दिनों में भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे नौकरीपेशा एवं व्यस्त उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार बकाया जलकर जमा कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। आवश्यकता के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं।

घर बैठे ऑनलाइन भुगतान की सुविधा

जलकर जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को निगम कार्यालय आने की अनिवार्यता नहीं है। नगर निगम द्वारा ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से बकाया राशि का भुगतान कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इससे समय की बचत के साथ भुगतान प्रक्रिया भी सरल एवं सुविधाजनक हो रही है।

राहत के साथ कार्रवाई भी

नगर निगम प्रशासन द्वारा जहां एक ओर उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं योजना की जानकारी और पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद बकाया जलकर जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में एक दर्जन से अधिक बकायादारों के नल कनेक्शन विच्छेदित किए गए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता समय रहते योजना का लाभ लेकर ऐसी कार्रवाई से बच सकते हैं।

आज का भुगतान, कल की राहत

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलकर की वर्षों से लंबित देनदारी समाप्त करने के इस अवसर का लाभ उठाएं। पात्र उपभोक्ता निर्धारित अवधि में बकाया जलकर की राशि जमा कर 50 प्रतिशत छूट का लाभ लें और लंबित देनदारी से मुक्त हों। निगम ने उपभोक्ताओं से यह भी आग्रह किया है कि वे अपने परिचित पात्र बकायादारों को योजना की जानकारी देकर उन्हें भी इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।

Back to top button