अवैध नल कनेक्शनों पर सख्ती, सर्वे कर वैधीकरण एवं विच्छेदन की कार्रवाई के निगमायुक्त ने दिए निर्देश

अवैध नल कनेक्शनों पर सख्ती, सर्वे कर वैधीकरण एवं विच्छेदन की कार्रवाई के निगमायुक्त ने दिए निर्देश

कटनी। निगमायुक्त  तपस्या परिहार ने जल विभाग की समीक्षा बैठक में शहर में संचालित अवैध नल कनेक्शनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा को भवनों का सर्वे एवं नल कनेक्शनों का भौतिक सत्यापन कराते हुए अवैध कनेक्शनों को चिन्हित करने तथा नियमानुसार उन्हें वैध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

निगमायुक्त ने निर्देशित किया कि सर्वे के दौरान ऐसे कनेक्शन पाए जाने पर, जो नियमानुसार वैध किए जा सकते हैं, संबंधित उपभोक्ताओं को प्रक्रिया पूर्ण कर कनेक्शन वैध कराने के लिए प्रेरित किया जाए। वहीं, नियम विरुद्ध पाए जाने वाले एवं वैध प्रक्रिया नहीं अपनाने वाले अवैध नल कनेक्शनों के विच्छेदन की कार्रवाई की जाए।

 

निगमायुक्त सुश्री परिहार ने जल विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सघन अभियान चलाते हुए नियमित रूप से भवनों का निरीक्षण करने तथा की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में जल कनेक्शनों की व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए अवैध नल कनेक्शनों के विरुद्ध अभियान स्वरूप कार्रवाई की जाए । इस दौरान सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित जल प्रदाय शाखा के अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Exit mobile version