कटनी में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, गुरुवार को जीतू पटवारी और हरीश चौधरी होंगे शामिल

कटनी में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, गुरुवार को जीतू पटवारी और हरीश चौधरी होंगे शामि

 

कटनी। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस एवं शहर कांग्रेस द्वारा ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों और मंडलम अध्यक्षों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ बुधवार को शहर के एक निजी संस्थान में किया गया। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद निर्धारित समयानुसार सुबह 11 बजे प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ हुआ।

प्रशिक्षण शिविर में संगठन सृजन अभियान के प्रभारी एवं पूर्व सेवादल राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र जोशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, जिला प्रभारी मनु मिश्रा, विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र चौबे, जिला संगठन महामंत्री जितेंद्र सिंह, प्रेम बत्रा तथा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह बघेल सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

शिविर में प्रत्येक विषय के लिए अलग-अलग प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है। पहले चरण में ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं मंडलम अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि अन्य पदाधिकारियों के लिए अलग से प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षक महेंद्र जोशी, प्रमिल मित्रा, राहुल राज एवं आनंद जाट ने संगठन की कार्यप्रणाली, कांग्रेस की विचारधारा, पार्टी की रीति-नीतियों, संगठन विस्तार तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

आयोजकों के अनुसार, प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन गुरुवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंधार भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। उनके आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

Exit mobile version