katniमध्यप्रदेश

कटनी में कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर का दूसरा दिन, शीर्ष नेतृत्व ने संगठन विस्तार का दिया मंत्र

कटनी में कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर का दूसरा दिन, शीर्ष नेतृत्व ने संगठन विस्तार का दिया मंत्

 

कटनी। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस एवं शहर कांग्रेस द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का दूसरा सत्र गुरुवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं मंडलम अध्यक्षों को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। निर्धारित समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू हुए दूसरे दिन के सत्र में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंधार, प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कामले, प्रमिल मित्रा, निर्वाचन प्रभारी ललित सेन सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

नेताओं ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ और मंडल स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही आती है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी को जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाना होगा तथा कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाना होगा।

गौरतलब है कि यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 5 अगस्त से शहर के एक निजी संस्थान में प्रारंभ हुआ है। शिविर में विभिन्न विषयों पर अलग-अलग विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष एवं नगर पंचायत अध्यक्षों को संगठन संचालन, नेतृत्व क्षमता, जनसंपर्क, चुनाव प्रबंधन तथा संगठन विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, जिला प्रभारी मनु मिश्रा, विधानसभा प्रभारी ओमकार सिंह, मयंक त्रिपाठी, दुर्गेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button