katniमध्यप्रदेश

3000 नशीली नाइट्राजेपाम गोलियों के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार माधवनगर पुलिस ने 13,500 रुपये की नशीली दवाएं और बाइक की जब्त

3000 नशीली नाइट्राजेपाम गोलियों के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार
माधवनगर पुलिस ने 13,500 रुपये की नशीली दवाएं और बाइक की जब्

कटनी। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3000 नशीली नाइट्राजेपाम गोलियां जब्त की हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। जब्त नशीली गोलियों की कीमत करीब 13,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 19-20 सितंबर की दरमियानी रात माधवनगर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सुरम्य पार्क के आगे अमकुही पहाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर काले रंग की पल्सर क्रमांक MP 21 ZK 0921 पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की। उनकी पहचान सचिन बर्मन (22), निवासी हिरवारा, थाना एनकेजे तथा रितिक केवट (21), निवासी बिरहनी फाटक, थाना कोतवाली के रूप में हुई।
थैले में मिलीं 3000 गोलियां
मोटरसाइकिल पर रखे थैले की तलाशी लेने पर उसमें NITRAZEPAM TABLETS I.P. NITZASCEN-10 के 10 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट में 6 पत्ते, प्रत्येक पत्ते में 5 स्ट्रिप और प्रत्येक स्ट्रिप में 10 गोलियां थीं। इस तरह कुल 3000 नशीली गोलियां बरामद हुईं। दवाओं के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में सचिन बर्मन ने पुलिस को बताया कि उक्त नशीली गोलियां रोहित रावलानी निवासी बंगला लाइन द्वारा उपलब्ध कराई गई थीं। पुलिस ने प्रकरण में रोहित नानकानी को भी गिरफ्तार किया है, जबकि रोहित रावलानी निवासी माधवनगर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड (पीआर) लिया जा रहा है।

Back to top button