कटनी मे कांग्रेस का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आज से, ब्लॉक व मंडलम अध्यक्षों को मिलेगा संगठन सृजन का प्रशिक्षण राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं और पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस

कटनी मे कांग्रेस का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आज से, ब्लॉक व मंडलम अध्यक्षों को मिलेगा संगठन सृजन का प्रशिक्षण

 

राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं और पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर रहेगा फोक

 

 

कटनी। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत संगठन को बूथ एवं जमीनी स्तर पर अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कटनी मे बुधवार 5 अगस्त से दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर 5 एवं 6 अगस्त तक शहर के एक निजी संस्थान में आयोजित होगा, जिसमें ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं मंडलम अध्यक्ष भाग लेंगे।

कांग्रेस नेतृत्व द्वारा राजधानी दिल्ली तथा पचमढ़ी में आयोजित प्रशिक्षण शिविरों के बाद प्रदेशभर में जिला स्तर पर संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कटनी में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, कार्यप्रणाली, जनसंपर्क और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश प्रभारी हरिश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंधार, मध्यप्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी सहित नई दिल्ली से आए राष्ट्रीय स्तर के पर्यवेक्षक विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे।

उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान संगठन सृजन अभियान की कार्ययोजना, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्य करने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। कांग्रेस का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत एवं जनहित के मुद्दों पर प्रभावी बनाना है।

Exit mobile version