परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर उमरियापान नगर परिषद के वार्डों के नाम सुझाने वाली एसडीएम का हुआ सम्मान, सामान्य सभा की बैठक में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने एसडीएम को किया सम्मानि
कटनी। भारत में स्थानीय स्वशासन के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। कटनी जिले की उमरियापान नगर परिषद देश की पहली ऐसी स्थानीय निकाय बन गई है, जिसके सभी 15 वार्डों का नामकरण परम वीर चक्र विजेताओं के नाम पर किया गया है। यह निर्णय राष्ट्र सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है। नवगठित उमरियापान नगर परिषद द्वारा लिया गया यह ऐतिहासिक और प्रेरणादायी फैसले पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने मुहर लगा दी है। सामान्य सभा की बैठक में एसडीएम निधि गोहल का जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद सदस्यों ओर अधिकारियों की उपस्थिति में पुष्पमाला पहनाकर शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। ऐतिहासिक निर्णय को लेकर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परमवीर चक्र विजेताओं के नाम नवीन नगर परिषद के वार्डों को लेकर एसडीएम निधि गोहल ने योजना बनाई थी, एक सप्ताह तक सुझाव एवं दावे आपत्तियों का समय दिया गया था। जिसमें क्षेत्र के लोगों ने भी बढ़-चढक़र सहयोग दिया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अंडमान-निकोबार के 21 द्वीपों का नामकरण परम वीर चक्र विजेताओं के नाम पर किए जाने से प्रेरित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जनवरी 2023 को नेता सुभाष चंद्र बोस की 123 वीं जयंती पर अंडमान निकोबार के 21 दीपों के नाम परमवीर चक्र सम्मान विजेताओं पर रखे थे। इस निर्णय के बाद उमरियापान नगर परिषद के वार्ड अब केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं बल्कि वीरता, बलिदान और राष्ट्रभक्ति के जीवंत प्रतीक बन गए हैं, जो आने वाली पीढिय़ों को निरंतर प्रेरणा प्रदान करेंगे। यह अभिनव और राष्ट्रप्रेरक पहल न केवल इन महान परम वीरों को स्थायी सम्मान प्रदान करती है बल्कि नागरिकों के दैनिक जीवन में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को सुदृढ़ करती है। उमरियापान नगर परिषद का यह निर्णय निश्चित रूप से भारतीय लोकतंत्र, स्थानीय स्वशासन और सैन्य सम्मान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर सिद्ध होगा।
ये हैं वो 15 परमवीर चक्र विजेता
उमरियापान नगर परिषद के सभी 15 वार्डों के नाम जिन परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखे गए हैं। उसमें मेजर पीरू सिंह, मेजर धन सिंह थापा, मेजर होशियार सिंह, कैप्टन विक्रम बत्रा, सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण क्षेत्रपाल, मेजर सोमनाथ शर्मा, मेजर शैतान सिंह, सूबेदार जोगिंदर सिंह, कैप्टन मनोज कुमार पांडे, मेजर रामास्वामी परमेश्वरन, सेकेंड लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राणे, कंपनी क्वार्टर मास्टर हवलदार अब्दुल हमीद, लांस नायक अल्बर्ट एक्का, कैप्टन गुरबचन सिंह सालारिया, लांस नायक करम सिंह शामिल है।
