पहली ही बारिश में खुली नगर निगम की तैयारियों की पोल, शहर के कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
पहली ही बारिश में खुली नगर निगम की तैयारियों की पोल, शहर के कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावि
कटनी। जिले में पिछले दो दिनों से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं नगर निगम की बारिश पूर्व तैयारियों और नालों की सफाई व्यवस्था की भी पोल खुल गई है। पहली ही अच्छी बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर के गायत्री नगर रोड, बरगवां, माधव नगर गेट, जिला अस्पताल मार्ग, बस स्टैंड क्षेत्र सहित कई अन्य इलाकों में सड़कें पानी से लबालब नजर आईं। कई स्थानों पर नालों का पानी सड़कों पर आ गया, जबकि गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश से पहले नालों की सफाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में जलनिकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आ जाती है। जलभराव के कारण वाहन चालकों, राहगीरों और व्यापारियों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ा।
नागरिकों ने नगर निगम से मांग की है कि जलनिकासी व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाए, नालों की प्रभावी सफाई कराई जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।