आगजनी में मौत पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़का, चक्का जाम। जिंदा जलाने का वीडियो भी आया सामन
कटनी: जिले के कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कछगवां (जोवा) गांव में संदिग्ध आगजनी से 52 वर्षीय रघुनाथ पटेल की जली हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। जलते हुए शख्स का वीडियो वायरल होने से ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर कैमोर रोड पर चक्का जाम कर न्याय की गुहार लगाई। इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
मामला कुठला थाना क्षेत्र के कछगवां गांव का है। मृतक रघुनाथ पटेल ग्राम पंचायत की दुकान चला रहे थे। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि गांव के ही तेजी लाल चौधरी की साजिश थी, जिन्होंने उन्हें आग लगाकर मार डाला। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।ग्रामीणों का कहना है कि एक दिन पहले रघुनाथ और तेजी लाल के बीच कहासुनी हुई थी, पुलिस पहुंची लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। अगर कल ही गिरफ्तारी हो जाती, तो यह हादसा न होता। कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा पर लापरवाही के गंभीर आरोप हैं, जिससे इलाके में ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने दो घंटे बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।

