खेत के पास मृत मिला तेंदुआ, वन विभाग में मचा हड़कंप रीठी के देवरी गांव की घटना, तारों में फंसने से मौत की आशंका; पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू
खेत के पास मृत मिला तेंदुआ, वन विभाग में मचा हड़कंप
रीठी के देवरी गांव की घटना, तारों में फंसने से मौत की आशंका; पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू
रीठी। रीठी वन परिक्षेत्र के ग्राम देवरी में गुरुवार को एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। तेंदुए का शव एक किसान के खेत के समीप पड़ा मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि खेत के समीप तेंदुआ तारों में फंसा हुआ मिला था। प्रथम दृष्टया उसकी मौत तारों में फंसने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वन विभाग ने तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद किए जाने की बात कही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तेंदुए के शव को सुरक्षित कब्जे में लेने के बाद चिकित्सकों की टीम बुलाकर पोस्टमार्टम कराया गया। विभाग की टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि खेत के आसपास लगाए गए तार किस उद्देश्य से लगाए गए थे। कहीं इन तारों को वन्यप्राणी के शिकार के लिए तो नहीं लगाया गया था, इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया गया है।
वन विभाग द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है। तेंदुए की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
रीठी वन परिक्षेत्र के एसडीओ एवं आईएफएस अधिकारी कार्तिकेय भट्ट ने बताया कि ग्राम देवरी में तेंदुए की मौत की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। तेंदुए के शव का चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया है। तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।