पालीवाल माइंस में काम करने वाले कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप,रात में ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, कंपनी प्रबंधन ने परिजनों को नहीं दी सूचना; मैनेजर पर पैसे देकर मामला खत्म करने की बात कहने का आरो
कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र स्थित पालीवाल माइंस में काम करने वाले एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विनोद कुशवाहा (40 वर्ष), पिता श्रीलाल कुशवाहा, निवासी डोंगरिया, स्लीमनाबाद के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने माइंस प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और मामले को दबाने का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार विनोद कुशवाहा पालीवाल माइंस में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने दिन में ड्यूटी की थी और इसके बाद घर लौट आए थे। बताया गया कि कंपनी की ओर से उन्हें दोबारा बुलाया गया, जिसके बाद वह रात की ड्यूटी करने माइंस चले गए। रात करीब एक बजे परिजनों को किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से सूचना मिली कि माइंस में दुर्घटना हो गई है और विनोद को अस्पताल लाया गया है। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्हें विनोद मृत अवस्था में मिले।
परिजनों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने उन्हें सीधे कोई सूचना नहीं दी। उन्हें हादसे की जानकारी भी दूसरे व्यक्ति के माध्यम से मिली। वहीं, परिजनों ने मैनेजर पर आर्थिक राशि देकर मामले को खत्म करने की बात कहने का आरोप भी लगाया है।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। घटना ने माइंस में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और पुलिस मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं।













