दुनियाभर में 5 घंटे से ज्यादा ठप रहीं Microsoft की सेवाएं: Outlook, Teams से लेकर OpenAI और Anthropic तक पड़ा असर; ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसियां और सरकारी कामकाज भी हुए प्रभावित
नई दिल्ली। टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के सर्वर में आई बड़ी तकनीकी खराबी ने दुनियाभर के कॉर्पोरेट और सरकारी कामकाज की रफ्तार थाम दी। 12 नवंबर को Microsoft 365, Outlook और Teams जैसी प्रमुख सेवाओं में आई परेशानी के कारण 5 घंटे से अधिक समय तक करोड़ों यूजर्स न तो ईमेल भेज पाए और न ही ऑनलाइन मीटिंग कर सके। कई दफ्तरों में कर्मचारियों को जरूरी फाइलें खोलने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया कि अधिक दबाव (प्रेशर) के दौरान उसके कुछ सर्वर अचानक अनुपलब्ध हो गए थे, जिसके चलते यह वैश्विक आउटेज हुआ। इस तकनीकी खराबी का दायरा सिर्फ माइक्रोसॉफ्ट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इसके चलते OpenAI और Anthropic की कुछ सेवाओं पर भी असर देखने को मिला।
दुनियाभर में Microsoft 365 के 45 करोड़ से अधिक एंटरप्राइज यूजर्स हैं। आज अधिकांश कंपनियां ईमेल के लिए Outlook, मीटिंग के लिए Teams, डॉक्यूमेंट्स के लिए SharePoint व OneDrive और डेटा संचालन के लिए Azure पर पूरी तरह निर्भर हैं। एक ही कंपनी के प्लेटफॉर्म पर सभी काम होने से सुविधा तो मिलती है, लेकिन सिस्टम में एक खराबी आते ही पूरा कामकाज एक साथ ठप हो जाता है।
इस आउटेज का असर कई देशों के महत्वपूर्ण संस्थानों और कंपनियों पर पड़ा, जापान में सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ, जबकि ऑस्ट्रेलिया में पुलिस और खुफिया एजेंसियों से जुड़े कार्यों में भी रुकावट आई। इलेक्ट्रिक ट्रक निर्माता कंपनी Workhorse Group को इस तकनीकी खराबी के कारण अपनी कमाई (अर्निंग्स) से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणा तक टालनी पड़ी।
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में इस तरह की रुकावट पहली बार नहीं आई है,नेटवर्किंग की समस्या के कारण भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन समेत कई देशों में Teams, Outlook, SharePoint और OneDrive की सेवाएं ठप हुई थीं। कई प्रमुख सेक्टरों में Microsoft Teams की सेवाएं बाधित रही थीं। Azure में आई खराबी के कारण Alaska एयरलाइन और Heathrow एयरपोर्ट का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ था।
कंपनियों के लिए क्या है सबक और दूसरा विकल्प?
विशेषज्ञों का मानना है कि चूंकि कंपनियों ने अपना पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार तैयार किया है, इसलिए इससे अचानक दूरी बनाना समय और पैसे दोनों लिहाज से मुश्किल है। हालांकि, बार-बार हो रहे ऐसे आउटेज से बचने के लिए कंपनियों को केवल एक टेक कंपनी के भरोसे रहने के बजाय अपने जरूरी डेटा का अलग बैकअप रखना चाहिए और ईमेल, मीटिंग व क्लाउड सर्विस के वैकल्पिक इंतजाम भी तैयार रखने चाहिए।












