धनतेरस पर बाजारों में होगी धनवर्षा, 50 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद,सुबह से आधी रात तक गुलजार रहेंगे बाजार, ग्राहकों को लुभाने व्यापारियों ने की आकर्षक सजावट और विशेष ऑफर की तैयारी

Picsart 26 11 05 20 05 22 485

 

धनतेरस पर बाजारों में होगी धनवर्षा, 50 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद,सुबह से आधी रात तक गुलजार रहेंगे बाजार, ग्राहकों को लुभाने व्यापारियों ने की आकर्षक सजावट और विशेष ऑफर की तैयारी

कटनी। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को शहर सहित जिले के बाजारों में जमकर धनवर्षा होने की उम्मीद है। पर्व को लेकर व्यापारियों ने अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों में विशेष छूट और आकर्षक ऑफर भी दिए जा रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार धनतेरस पर जिले में सभी क्षेत्रों को मिलाकर 50 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होगा।

धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते शुक्रवार सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। विशेष मुहूर्त में खरीदारी के लिए लोग सुबह से बाजार पहुंचेंगे। वाहनों, सोने-चांदी के आभूषणों, कपड़ों, बर्तनों, इलेक्ट्रॉनिक सामान और पूजन सामग्री की दुकानों पर विशेष तैयारियां की गई हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के बाजार देर रात तक गुलजार रहने की उम्मीद है।

हर साल धनतेरस पर करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। इस बार भी व्यापारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी व्यवस्था बनाई है। प्रमुख बाजारों में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाली पुलिस भी बाजार क्षेत्रों में मुस्तैद रहेगी।

सराफा बाजार और शोरूमों में उमड़ेगी ग्राहकों की भीड़

इसे भी पढ़ें-  राहत समर्पण सेवा समिति द्वारा प्रस्फुटन समितियों का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण संपन्न,ग्राम विकास शासकीय योजनाओं एवं दस्तावेज संधारण पर दिया गया जोर

धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी को विशेष महत्व दिया जाता है। यही वजह है कि सराफा बाजार और ज्वेलरी शोरूम में सबसे अधिक रौनक रहने की उम्मीद है। हालांकि इस वर्ष सोने-चांदी की कीमतों में काफी उछाल आया है, इसके बावजूद सराफा कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए व्यापारियों ने पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली हैं।

आभूषणों के अलावा चांदी के सिक्के, चांदी से बने नोट तथा भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाओं की भी मांग रहती है। कटनी के सराफा बाजार में पिछले दो दिनों से व्यापारी अपनी दुकानों को सजाने-संवारने में जुटे हुए थे। धनतेरस के दिन सुबह से ही यहां ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो जाएगी, जबकि ज्वेलरी शोरूम में देर रात तक खरीदारी का सिलसिला चलने की संभावना है।

सराफा कारोबारियों को इस बार धनतेरस पर अकेले सराफा बाजार में लगभग सात से आठ करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। अब व्यापारियों की निगाहें धनतेरस के शुभ मुहूर्त और ग्राहकों की खरीदारी पर टिकी हैं।