विजयराघवगढ़ पुलिस ने पटाखा दुकानों और गोदामों का किया आकस्मिक निरीक्षण,सुरक्षा मानकों और शासन की गाइडलाइन का पालन करने के दिए निर्दे
कटनी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विजयराघवगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित अस्थाई पटाखा दुकानों एवं गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा विक्रेताओं को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने और सुरक्षा के समुचित इंतजाम रखने की समझाइश दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षक एवं थाना प्रभारी अभिषेक चौबे तथा तहसीलदार मनीष शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पटाखा बिक्री स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों को विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय के संबंध में शासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने, दुकानों के आसपास असामाजिक तत्वों को दूर रखने और पटाखों के विक्रय एवं रखरखाव में विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। पटाखा विक्रेता निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही व्यवसाय करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।












