युवा उत्सव में साहित्यिक प्रतियोगिताओं के जरिए छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा,प्रशासकीय कन्या महाविद्यालय में प्रश्न मंच, वाद-विवाद एवं वक्तृता प्रतियोगिताओं का हुआ आयोज
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में अंतर कक्षा महाविद्यालयीन युवा उत्सव सत्र 2026-27 के द्वितीय दिवस साहित्यिक विधा के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी बौद्धिक क्षमता, तार्किक चिंतन और अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
युवा उत्सव के अंतर्गत प्रश्न मंच, वाद-विवाद एवं वक्तृता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के विषय भारतीय ज्ञान परंपरा, भारतीय दर्शन और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में भारतीय मूल्यों की प्रासंगिकता पर केंद्रित रहे।
प्रश्न मंच प्रतियोगिता में छात्राओं से भारतीय संस्कृति, वेद, उपनिषद, प्राचीन ज्ञान-विज्ञान, भारतीय दर्शन, महान विद्वानों एवं ऐतिहासिक परंपराओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए। छात्राओं ने तत्परता और उत्साह के साथ उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता का परिचय दिया।
वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘आधुनिक शिक्षा प्रणाली में भारतीय ज्ञान परंपरा की अनिवार्यता’ रखा गया। इसमें छात्राओं ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत करते हुए आधुनिक शिक्षा में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, योग, आयुर्वेद और प्राचीन ज्ञान-विज्ञान के महत्व पर तर्कपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी। प्रतिभागियों ने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय को समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए आवश्यक बताया।
वक्तृता प्रतियोगिता का विषय ‘वसुधैव कुटुम्बकम् : वैश्विक शांति और बंधुत्व के लिए भारतीय दर्शन’ रहा। छात्राओं ने अपने वक्तव्यों में विश्व बंधुत्व, आपसी सद्भाव, सहिष्णुता और मानवता के संदेश को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम् की भारतीय अवधारणा संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानते हुए शांति, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है।
तीनों प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा एवं विचार अभिव्यक्ति से सभी को प्रभावित किया। ज्ञानवर्धक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए युवा उत्सव के इस आयोजन ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान किया।












