छठ पूजा पर्व के दौरान तैयारियों को लेकर निगमायुक्त सुश्री परिहार ने अधिकारियों सौंपी जिम्मेदारियां,14 से 17 नवंबर तक नदी-घाटों एवं पूजन स्थलों पर रहेंगी निगम की विशेष व्यवस्थाए
कटनी। छठ पूजा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। पर्व के दौरान नगर के विभिन्न नदी-घाटों एवं पूजा स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने आदेश जारी कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जारी आदेश के अनुसार 14 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक कटायेघाट, बाबाघाट, छपरवाह घाट-मंगलनगर तथा बजरंग कॉलोनी घाट-एनकेजे सहित छठ पूजा से जुड़े स्थलों पर नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। संपूर्ण व्यवस्थाओं के समन्वय एवं निगरानी की जिम्मेदारी उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को सौंपी गई है।
पर्व के दौरान घाटों एवं पहुंच मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, मवेशियों के नियंत्रण तथा स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का दायित्व स्वास्थ्य विभाग को सौंपा गया है। वहीं, घाटों एवं आसपास आवश्यक मरम्मत कार्य, व्यवस्थाओं के सुधार और अन्य तकनीकी कार्यों के लिए निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकता के अनुसार पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का समय-सीमा में निर्वहन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित अवधि से पूर्व पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।











