कटनी ब्लड बैंक में रक्त की कमी कटनी ब्लड डोनर सोसायटी ने कि रक्तदाताओं से आगे आने की अपील,बच्चों और गर्भवती महिलाओं को हो रही परेशानी, रक्तमित्रों से सक्रिय सहयोग का आग्र
कटनी। जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में इन दिनों रक्त की कमी की गंभीर स्थिति सामने आई है। बी पॉजिटिव (B+), ओ पॉजिटिव (O+) और ए पॉजिटिव (A+) सहित विभिन्न ब्लड ग्रुप का रक्त उपलब्ध नहीं होने से जरूरतमंद मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को रक्त की आवश्यकता के चलते दिक्कतें हो रही हैं।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कटनी ब्लड डोनर ग्रुप ने सभी रक्तमित्रों एवं ग्रुप के सदस्यों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की है। ग्रुप से जुड़े सदस्यों द्वारा लगातार रक्तदाताओं से संपर्क कर रक्त की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मौजूदा आवश्यकता को देखते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता जरूरी है।
ग्रुप की ओर से अपील की गई है कि जो भी स्वस्थ एवं रक्तदान के योग्य व्यक्ति रक्तदान करने के इच्छुक हैं, वे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपना नाम दर्ज कराएं, ताकि जरूरत के अनुसार उनसे संपर्क किया जा सके और समय पर जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
रक्तमित्रों ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी बच्चे की जिंदगी बचाने के साथ गर्भवती महिला के लिए भी जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
ग्रुप ने सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने और इस मुहिम में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही इस संकट का सामना किया जा सकता है। आज किसी जरूरतमंद को हमारे रक्त की आवश्यकता है, तो कल हमें भी किसी के सहयोग की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए अधिक से अधिक लोग स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं और जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।












