मुड़वारा स्टेशन में सो रहे यात्री का पर्स चोरी,नींद की झपकी लगी तो अज्ञात चोर ने किया हाथ साफ, सीसीटीवी फुटेज आया सामने; जीआरपी जांच में जुटी
मुड़वारा स्टेशन में सो रहे यात्री का पर्स चोरी,नींद की झपकी लगी तो अज्ञात चोर ने किया हाथ साफ, सीसीटीवी फुटेज आया सामने; जीआरपी जांच में जुट
कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था के बीच चोरी की वारदात सामने आई है। टिकट काउंटर के पास सो रहे उत्तर प्रदेश निवासी यात्री का पर्स अज्ञात चोर ने पार कर दिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत मिलने के बाद जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश निवासी विनीत जायसवाल मैहर से लौटकर मुड़वारा स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें रात में राजस्थान जाने के लिए ट्रेन पकड़नी थी। ट्रेन का इंतजार करते हुए वह टिकट काउंटर के पास बैठकर सो गए। इसी दौरान नींद की झपकी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने उनका पर्स चोरी कर लिया।
विनीत को जब पर्स चोरी होने की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी शिकायत जीआरपी थाने में दर्ज कराई। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने मुड़वारा स्टेशन पहुंचकर घटना की जानकारी जीआरपी को दी। शिकायत के बाद पुलिस ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जीआरपी अज्ञात चोर की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।