विकसित भारत क्विज में विद्यार्थियों ने दिखाई सक्रिय सहभागिता,माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कर विद्यार्थियों ने लिया ऑनलाइन क्विज में हिस्सा
विकसित भारत क्विज में विद्यार्थियों ने दिखाई सक्रिय सहभागिता,माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कर विद्यार्थियों ने लिया ऑनलाइन क्विज में हिस्स
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ के प्रथम चरण में आयोजित ‘विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता’ में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बाजपेई की अध्यक्षता में आयोजित आउटरीच कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने माय भारत पोर्टल पर एनएसएस युवा के रूप में पंजीयन कर ऑनलाइन क्विज में सहभागिता की।
क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश के विकास, युवा नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग ने कहा कि युवा देश के भविष्य के साथ-साथ वर्तमान के भी महत्वपूर्ण भागीदार हैं। विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।
एनएसएस जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने कहा कि ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार एवं नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। एनएसएस का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने में विनोद कुमार लोधी, आयुष तिवारी, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. दीपेंद्र सिंह राजपूत, अमित चौधरी, डॉ. शैलजा, डॉ. ज्योत्सना पाठक, डॉ. शोभाराम पाटिल, डॉ. सुशील मिश्रा, योगेंद्र सोनी, डॉ. राजश्री शर्मा, डॉ. श्रद्धा चौधरी एवं शिवनंदन पटेल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में युवा नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।