छात्रों को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से जोड़ने कांग्रेस की रणनीति, महत्वपूर्ण बैठक संपन्
छात्रों को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से जोड़ने कांग्रेस की रणनीति, महत्वपूर्ण बैठक संपन
कटनी। इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय, आस्था प्लाजा बरगवां में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को जिले के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने तथा उन्हें कार्यक्रम से जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि कटनी जिले के विभिन्न कॉलेजों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया जाएगा और उन्हें ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की जानकारी देकर सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने तथा शहर में साउंड सिस्टम के माध्यम से प्रसारण की व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जा रहा है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी समस्याएं, विचार और अपेक्षाएं सीधे रखने का अवसर मिलेगा। वक्ताओं ने इसे युवाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था के बीच संवाद को मजबूत करने वाली पहल बताया।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि छात्रों की आवाज को मजबूती देना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। कटनी के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता कॉलेजों तक पहुंचेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के कॉलेजों में पहुंचकर छात्रों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। युवाओं की समस्याओं और उनकी आवाज को प्रमुखता से सामने लाने के लिए कांग्रेस निरंतर सक्रिय रहेगी।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, महिला जिलाध्यक्ष रजनी वर्मा, राकेश गुड्डू द्विवेदी, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, मंगल सिंह, श्याम पाहुजा, राहुल होतवानी, सुशील जायसवाल, अजय खटीक, शशांक गुप्ता, इस्तियाक अहमद, संजय गुप्ता, विवेक विरहा, शुभम मिश्रा, विकाश पाठक, आकाश ताम्रकार, राजेश निषाद, रमेश अहिरवार, रविंद्र कुदरहा एवं हर्षित मिश्रा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।