निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में परिषद का स्थगित सम्मेलन संपन्न, विस्तृत चर्चा के उपरांत संशोधन के साथ बजट सर्वसम्मति से पारि
कटनी – नगर पालिक निगम कटनी की परिषद का स्थगित सम्मेलन निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक प्रारंभ होते ही वार्षिक बजट पर विस्तृत चर्चा प्रारंभ की गई, जिसमें सदन के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।
बजट पर चर्चा के दौरान गोशाला मद सहित विभिन्न मदों का पृथक-पृथक विभाजन, प्रस्तावित प्रवेश द्वार को निरस्त करना, महापौर गुरुकुल के स्थान पर पार्षद गुरुकुल कोचिंग सेंटर प्रारंभ करने, शव वाहन की खरीदी, मुख्य स्टोर के सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी बिंदुओं पर गहन चर्चा उपरांत आवश्यक संशोधन किए गए।
बैठक में धारा 22 के तहत प्रस्ताव पर महापौर द्वारा कथन प्रस्तुत किया गया, जिस पर सदन में विस्तार से चर्चा की गई। अंततः सभी संशोधनों को सम्मिलित करते हुए बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि परिषद के सभी सदस्यों के सुझावों से बजट और अधिक जनहितकारी एवं व्यवहारिक बना है। श्री पाठक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार एवं नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान है।
बैठक के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति सूरी श्री संदीप जायसवाल, विधायक मुड़वारा सदन के सदस्यगण निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित नगर पालिक निगम कटनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

