अपराध समीक्षा बैठक में एसपी के सख्त निर्देश, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर जो
कटनी, 12 सितंबर। पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी हेडक्वार्टर, एसडीओपी स्लीमनाबाद सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति की आंकड़ों के आधार पर समीक्षा की। उन्होंने दर्ज एवं लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, संपत्ति संबंधी अपराध, लघु अधिनियमों के प्रकरण, न्यायालय से जारी समंस एवं वारंट की तामीली तथा धारा 173(8) एवं 299 के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति की जानकारी ली। लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का रोडमैप तैयार करने के निर्देश
आगामी गणेश चतुर्थी, गणेश विसर्जन, नवरात्रि, दुर्गा विसर्जन, दशहरा एवं दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पूर्व से सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने समितियों की जानकारी एवं सत्यापन, प्रतिमा पंडालों, जुलूस मार्गों, विसर्जन स्थलों तथा संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
अवैध शराब के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
सागर जिले में जहरीली शराब से संबंधित घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कटनी जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब के स्रोत और उसके नेटवर्क का पता लगाकर शराब माफियाओं एवं इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक में निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों पर सतत निगरानी, सीसीटीएनएस, ई-विवेचना, ई-साक्ष्य, ई-एफआईआर तथा एमडीपीएस/एनडीपीएस से जुड़े मामलों में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
न्यायालयीन मामलों में समय-सीमा का रखें ध्यान
एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि विवेचना पूर्ण होने के बाद निर्धारित समय-सीमा में न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाए। लंबित प्रकरणों की लगातार समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गंभीर एवं संगठित अपराधों की तह तक पहुंचने के निर्देश
एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े प्रकरणों, गंभीर अपराधों एवं संगठित आर्थिक अपराधों में पुलिस अधीक्षक ने अपराध के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क एवं गिरोह का पता लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर एवं संगठित अपराधों में केवल सतही कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए अपराध की जड़ तक पहुंचकर आरोपियों एवं उनके सहयोगियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
नशे में वाहन चलाने वालों पर कसेगा शिकंजा
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को बेहतर, प्रभावी एवं सुरक्षित पुलिसिंग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
