देवास में ATS की बड़ी कार्रवाई: संदिग्ध आतंकी बिलाल की गिरफ्तारी के बाद बंद मिला घर, आक्रोशित हिंदू समाज ने घेरा पुलिस दफ्तर
देवास: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) द्वारा मध्य प्रदेश के देवास से संदिग्ध आतंकी बिलाल दुर्रानी को गिरफ्तार किए जाने के बाद से पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से ही स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं और सुरक्षा को लेकर चिंताएं जताई जा रही हैं।
फिलहाल, संदिग्ध बिलाल दुर्रानी के घर पर ताला लटका हुआ है और उसके परिवार के लोग गायब हैं। आसपास के रहने वाले पड़ोसी इस खुलासे से बेहद हैरान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिलाल का व्यवहार बेहद सामान्य था और किसी को उस पर शक नहीं हुआ। वह अक्सर कुछ समय गुजरात में बिताता था और फिर वापस देवास आ जाता था।
सड़कों पर उतरा हिंदू समाज, सुरक्षा एजेंसियों से सख्त कार्रवाई की मांग
इस संवेदनशील मामले के सामने आने के बाद रविवार को देवास में भारी जनआक्रोश देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद (VHP), बजरंग दल और समस्त हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं और नागरिकों के एक बड़े समूह ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के पास पहुंचकर पुलिस अधीक्षक (SP) के नाम सीएसपी सुमित अग्रवाल को एक सख्त ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन की मुख्य मांगें:
-
आतंकवादियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ देवास में कड़ी और निर्णायक कार्रवाई की जाए। देवास में ATS की बड़ी कार्रवाई: संदिग्ध आतंकी बिलाल की गिरफ्तारी के बाद बंद मिला घर, आक्रोशित हिंदू समाज ने घेरा पुलिस दफ्तर
-
ऐसे संदिग्धों को शहर में शरण देने वाले, मकान किराए पर देने वाले या उनकी मदद करने वाले स्थानीय मददगारों (Sleeper Cells) को चिन्हित कर उन पर सख्त से सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाए।
जांच में जुटी एजेंसियां
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब बिलाल दुर्रानी के देवास कनेक्शन और उसके स्थानीय संपर्कों को खंगालने में जुट गई हैं। इस घटना ने एक बार फिर शांत माने जाने वाले मालवा अंचल में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
