Site icon Yashbharat.com

Lockdown in Betul: बैतूल जि‍ले के गांव में कोरोना संक्रमण से हुई 6 मौतें, ग्रामीणों ने लगा दिया लॉक डाउन

lockdown

Lockdown in Betul: बैतूल। जिले में कोरोना की दूसरी लहर का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। बेपरवाही से लोग बीमारी की चपेट में आकर अपनी जान भी गंवा रहे हैं। गांव और खुद को कोरोना से बचाने के लिए बैतूल जिले के खेड़ी सांवलीगढ़ गांव के लोगों ने स्वयं लॉक डाउन लगा लिया है।

गांव में कोरोना से 6 लोगों की मौत और 35 लोगों के बीमार होने के बाद 1 अप्रैल से पूरा गांव खुद ही कैद हो गया है। ग्रामीणों ने भी अपनी-अपनी गलियों में लकडिय़ों और अन्य वस्तुओं से नाकेबंदी कर रखी है।

कोरोना के खिलाफ जंग में यह छोटा सा गांव एक मिसाल बन गया है। बैतूल-इंदौर नेशनल हाइवे 59 ए से सटे ग्राम खेड़ी सांवलीगढ़ के पूर्व सरपंच और व्यापारी सुभाष राठौर ने बताया कि कोरोना को मात देने के लिए ग्रामीणों, व्यापारियों की बैठक बुलाई गई।

सभी ने एक स्वर में कोरोना को मात देने जागरूकता के साथ ही एकजुटता भी दिखाई। विचार-मंथन के बाद लिए गए निर्णय से प्रशासन को अवगत कराया गया और स्वीकृति मिलने के बाद 1 अप्रैल से टोटल स्वैच्छिक लॉकडाउन लगा दिया गया है।

प्रशासन ने साप्ताहिक बाजार अनिश्चित काल के लिए बंद करने का आदेश पूर्व में ही कर दिया था। ग्राम प्रधान कौशल्या उइके ने बताया कि पूरे गांव की हर गली, घरों के सामने दवा का छिडक़ाव किया जा रहा है। पंचायत कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को लगातार समझाइश दी जा रही है। 7 दिन से गांव में लॉक डाउन है, सब अपने घरों में ही हैं। स्वास्थ्य कारणों से ही लोग बाहर निकल रहे हैं।

बैतूल एसडीएम सीएल चनाप ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए खेड़ी सांवलीगढ़ के व्यापारियों और ग्रामीणों द्वारा प्रशंसनीय पहल की गई है। इसके अलावा और भी जिन स्थानों पर संक्रमण फैलने की अधिक संभावना हो, वहां भी लोगों को स्वयं सख्त निर्णय लेना होगा। प्रशासन उसमें पूरा सहयोग करने के लिए तैयार है।

Exit mobile version