जनसुविधा सर्वोपरि: सीवर एवं पाइपलाइन कार्यों की महापौर ने की विस्तृत समीक्षा,गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जनसुविधा सर्वोपरि: सीवर एवं पाइपलाइन कार्यों की महापौर ने की विस्तृत समीक्षा,गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्दे

 

कटनी- नगर निगम क्षेत्र में अमृत योजना के अंतर्गत संचालित सीवर नेटवर्क एवं पाइपलाइन विस्तार कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में अमृत योजना के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सीवर एवं पाइपलाइन विस्तार के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।

 

महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों से क्षेत्रवार जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि सीवर एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य शहर की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं में शामिल हैं, कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में कार्य संचालित हैं, वहां नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए कार्यों का सुव्यवस्थित एवं चरणबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए।

 

समीक्षा बैठक में महापौर ने रेस्टोरेशन कार्यों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पाइपलाइन एवं सीवर लाइन बिछाने के उपरांत सड़कों और मार्गों का पुनर्स्थापन भी तय समयसीमा में किया जाए। रेस्टोरेशन कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों तथा कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित क्षेत्र को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप में नागरिकों के उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में कार्य प्रारंभ करने से पूर्व संबंधित क्षेत्रीय पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों को आवश्यक सूचना प्रदान की जाए। साथ ही कार्यों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को परियोजना की जानकारी रहे और उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

 

महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि खुदाई कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि उतने ही क्षेत्र में खुदाई की जाए, जितने क्षेत्र में समय पर भराई एवं पुनर्स्थापन का कार्य किया जा सके। सभी कार्यस्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं, जिससे आमजन की सुरक्षा बनी रहे और दुर्घटनाओं की संभावना न हो।

 

बैठक में महापौर ने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, गुणवत्ता की सतत निगरानी बनाए रखने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि अमृत योजना के अंतर्गत शहरवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सीवर सुविधाओं का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।

 

बैठक के दौरान उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव,असिस्टेंट रेजिडेंट इंजीनियर सौरभ नोगज़ा सहित पीडीएमसी के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Exit mobile version