गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर निगमायुक्त ने जारी किया आदेश,जुलूस मार्ग से लेकर कृत्रिम विसर्जन कुंडों तक रहेंगी समुचित व्यवस्थाएं,चलित कुंड, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल एवं सुरक्षा पर निगमायुक्त  का विशेष फोकस

गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर निगमायुक्त ने जारी किया आदेश,जुलूस मार्ग से लेकर कृत्रिम विसर्जन कुंडों तक रहेंगी समुचित व्यवस्थाएं,चलित कुंड, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल एवं सुरक्षा पर निगमायुक्त  का विशेष फोक

 

कटनी। गणेश चतुर्थी एवं अनंत चतुर्दशी पर्व के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन ने गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं चल समारोह को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी है। 25 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को लेकर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागवार दायित्व सौंपते हुए जुलूस मार्ग से लेकर विसर्जन स्थलों तक समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

पूर्व वर्षों की तरह गणेश चौक, मढ़ई मंदिर, हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, झंडा बाजार, शेर चौक एवं आजाद चौक होकर विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। मार्गों पर आवश्यकतानुसार सड़क मरम्मत एवं पेचवर्क, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, तथा सफाई की जाएगी, ताकि चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके।

कृत्रिम कुंडों में विसर्जन की व्यवस्था

पारंपरिक विसर्जन स्थलों पर कृत्रिम जलकुंड तैयार किए जाएंगे। कुंडों में शुद्ध जल, तिरपाल एवं बैरिकेडिंग, बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु आवश्यकता अनुसार वाहन की व्यवस्था के साथ ड्यूटी स्टाफ के लिए वाटर प्रूफ पंडाल एवं कुर्सियां उपलब्ध कराई जाएंगी। मसुरहा घाट में संबंधित भूमि स्वामी से सहमति प्राप्त कर कृत्रिम कुंड का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए है।

 

जुलूस मार्ग और घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती

 

जुलूस मार्ग और घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती

विसर्जन पर्व को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जुलूस मार्ग तथा विसर्जन स्थलों की विशेष सफाई कराई जाएगी। स्थलों पर रेखांकन के साथ पर्याप्त संख्या में सफाई मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। वही आवारा पशुओं की रोकथाम के साथ ही गणेश समितियों एवं आयोजकों को अमानक एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक के स्थान पर कागज एवं पत्तों से निर्मित पत्तल, दोना, गिलास एवं कटोरी जैसी पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग के लिए प्रेरित करने हेतु निर्देशित किया गया है। प्रतिमा विसर्जन के बाद कुंडों की सफाई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है, ताकि पर्व के बाद भी स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे।

प्रकाश,पेयजल और सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे मुस्तैद

विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पानी, पेयजल एवं पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के साथ कृत्रिम एवं चलित कुंडों के लिए आवश्यक तिरपाल, बैनर एवं फ्लैक्स की व्यवस्था की जाएगी।

जुलूस मार्ग, प्रमुख स्थलों एवं कुंडों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जबकि सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस कंट्रोल रूम में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था तथा विसर्जन स्थलों पर होमगार्ड, तैराक एवं गोताखोरों की उपलब्धता के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए है।

छोटी प्रतिमाओं के लिए चलित विसर्जन कुंड

निगमायुक्त सुश्री परिहार ने बड़ी प्रतिमाओं को कृत्रिम जलकुंडों में तथा घरों में स्थापित छोटी प्रतिमाओं को चलित कुंडों में विसर्जित करने के लिए नागरिकों एवं गणेश समितियों को जागरूक करने के निर्देश दिए है। ताकि पारंपरिक जलस्रोतों पर दबाव कम करने के साथ विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

 

वहीं पर्व के दौरान स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए 23, 24 एवं 25 सितंबर को मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने संबंधी कार्रवाई भी सुनिश्चित करने हेतु स्वास्थ्य शाखा को निर्देशित किया है।

नागरिकों से अपील

निगम प्रशासन ने गणेश समितियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित कृत्रिम एवं चलित कुंडों में ही प्रतिमा विसर्जन करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित गणेश विसर्जन में निगम प्रशासन का सहयोग करें।

 

Exit mobile version