दिवाली दिल से -कटनी ब्लड डोनर सोसायटी ने झुकिया कांप गांव में मनाई “दिवाली दिल से”, बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्का
कटनी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कटनी ब्लड डोनर एण्ड वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित सेवा अभियान “दिवाली दिल से – आओ मिलकर खुशियाँ बाँटें” का आज सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत संस्था के सदस्यों एवं शहर के अनेक दानदाताओं के सहयोग से जुहला क्षेत्र के ग्राम झुकिया कांप में जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों के बीच दीपावली की खुशियाँ बाँटी गईं।
संस्था के सदस्य निर्धारित समय पर ग्राम झुकिया कांप पहुँचे, जहाँ बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीणों के साथ आत्मीयता से दीपावली पर्व मनाया गया। इस अवसर पर शहरवासियों द्वारा प्रेमपूर्वक उपलब्ध कराई गई नये एवं अच्छी स्थिति के कपड़े, खिलौने, मिठाई, बिस्किट, नमकीन, पटाखे तथा बच्चों से संबंधित अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। उपहार प्राप्त करते समय बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी, उत्साह और मासूम मुस्कान ने सभी उपस्थित लोगों का हृदय भावुक कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 300 से 400 बच्चों एवं महिलाओं को दीपावली की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। ग्रामीणों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में अपनत्व, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक यह संदेश पहुँचाना है कि वे अकेले नहीं हैं। दीपावली का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब हमारी खुशियों में जरूरतमंदों की मुस्कान भी शामिल हो।
उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता शहर के उदार दानदाताओं, समाजसेवियों एवं संस्था के समर्पित सदस्यों के सहयोग का परिणाम है। आगामी वर्षों में भी संस्था इसी प्रकार विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा का कार्य निरंतर करती रहेगी।
अंत में संस्था ने इस पुनीत अभियान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं, समाजसेवियों, स्वयंसेवकों एवं सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग को इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति बताया।











