चेतनोदय तीर्थक्षेत्र में 1 नवंबर को होगा सामूहिक श्रमदान अभियान,जैन समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चे परिवार सहित होंगे शामिल, स्वच्छता एवं संरक्षण का लिया जाएगा संकल्प
कटनी। चेतनोदय तीर्थक्षेत्र कटनी की स्वच्छता, सुंदरता एवं संरक्षण के उद्देश्य से जैन समाज द्वारा रविवार, 1 नवंबर को प्रातः 8 बजे सामूहिक श्रमदान अभियान आयोजित किया जाएगा। आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा मुनि श्री 108 पुंगव सुधासागर जी महाराज की प्रेरणा से निर्मित इस तीर्थक्षेत्र में आयोजित अभियान को लेकर समाजजनों में उत्साह है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य तीर्थक्षेत्र की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ समाज में सेवा, सहयोग, समर्पण और एकता की भावना को मजबूत करना है। इसके तहत समाजजन सामूहिक रूप से श्रमदान कर तीर्थक्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान देंगे।
जैन समाज द्वारा पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में अभियान में सहभागिता करने की अपील की गई है। समाजजनों का कहना है कि तीर्थक्षेत्र की स्वच्छता एवं संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही इस पुनीत कार्य को सफल बनाया जा सकता है।
समाज ने सभी से रविवार सुबह 8 बजे चेतनोदय तीर्थक्षेत्र पहुंचकर श्रमदान करने का आह्वान किया है। अभियान का संदेश है— स्वच्छ तीर्थ, सुंदर भविष्य।











