स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी, 16 युवक-युवतियां मिले नेचरल हाई और आवां स्पा सेंटर में कार्रवाई, अनैतिक सामग्री, टैबलेट व शराब की बोतलें बरामद

स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी, 16 युवक-युवतियां मिले

नेचरल हाई और आवां स्पा सेंटर में कार्रवाई, अनैतिक सामग्री, टैबलेट व शराब की बोतलें बराम

कटनी। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों के मद्देनजर कटनी पुलिस ने रविवार शाम दो स्पा सेंटरों पर छापामार कार्रवाई की। पुलिस की टीम ने नेचरल हाई स्पा सेंटर और आवां स्पा सेंटर में दबिश देकर कुल 16 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए थाने लाया। कार्रवाई के दौरान दोनों सेंटरों से आपत्तिजनक सामग्री, कुछ टैबलेट और शराब की बोतलें भी मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर शहर के स्पा सेंटरों में चल रही कथित अनैतिक गतिविधियों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में अजाक थाना डीएसपी शिवा पाठक, महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर सहित पुलिस बल को शामिल किया गया था।

पुलिस के अनुसार टीम ने रविवार शाम सबसे पहले नेचरल हाई स्पा सेंटर में कार्रवाई की, जहां पांच युवक और पांच युवतियां मिलीं। इसके बाद आवां स्पा सेंटर में दबिश दी गई, जहां पांच युवतियों के साथ एक पुरुष मिला। पुलिस ने दोनों स्थानों से मिली सामग्री को जांच के दायरे में लिया है।

पुलिस के मुताबिक स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों में मध्यप्रदेश के अलावा अन्य राज्यों की युवतियां भी शामिल हैं। सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में स्पा सेंटर संचालकों और मालिकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और नियमों के आधार पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version